नवाचार-प्रधानमंत्री आवास योजना नीमच जिले में बनी प्रधानमंत्री परिवार

  नीमच --  प्रधानमंत्री आवास योजना देश भर में सिर्फ प्रधानमंत्री आवास योजना तक ही सीमित रही। लेकिन नीमच कलेक्‍टर श्री कौशलेन्‍द्र विक्रमसिंह एवं दल के प्रयासो ने प्रधानमंत्री आवास योजना को प्रधानमंत्री परिवार योजना बना दिया है। प्रधानमंत्री आवास के साथ्‍ा ही पात्र हितग्राहियों को अन्‍य शासकीय योजनाओं का लाभ भी दिलाया गया है। शुरूआत से अंजाम तक पहुचने के कारण योजना में बेहतर काम के लिए 6 स्‍तर की समीक्षा और आंकलन के बाद देशभर में नीमच को सम्‍मान मिला है। और यह कार्य एक एतिहासिक कार्य रहा है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जी द्वारा सिविल सविर्स डे पर 21 अप्रेल 2018 को दिल्‍ली के विज्ञान भवन में नीमच जिले के कलेक्‍टर श्री कौशलेन्‍द्र विक्रम सिंह को सम्‍मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री कमलेश भार्गव भी उपस्थित थे। 
   प्रधानमंत्री आवास योजना के बेहतर क्रियान्‍वयन और एक नई सोच के साथ काम करने पर नीमच जिले को प्रधानमंत्री उत्‍कृष्‍टता पुरस्‍कार प्रदान किया गया। इसके साथ पीएमओ के राज्‍यमंत्री श्री जितेन्‍द्रसिंह की उपस्थिति में नीमच जिले में हुए कार्य को सराहा भी गया। प्रधानमंत्री आवास योजना की श्रेणी में पुरुस्‍कार के लिए देश भर के 850 से अधिक जिले कतार में थे। लेकिन बेहतर कार्य के लिए नीमच जिले को पहला मुकाम मिला। प्रधानमंत्री आवास योजना  की श्रेणी में नीमच के अलावा म.प्र.का इन्‍दौर और देश के अन्‍य जिले भी दौड मे थे। मगर कलेक्‍टर श्री कौशलेन्‍द्र विक्रम सिंह की प्रधानमंत्री आवास योजना की बेहतर पेशकश के आगे वे पिछड गए। 
   प्रधानमंत्री आवास योजना में नवाचार करते हुए नीमच जिले में गत वर्ष 5026 में से 4304 हितग्राहियों के परिवारों को सिर्फ पक्‍के आवास का ही लाभ्‍ा नही दिया गया है, अपितु पात्र सभी हितग्राहियों को सौभाग्‍य योजना में नि:शुल्‍क बिजली कनेक्‍शन, उज्‍जवला योजना में नि:शुल्‍क गैस कनेक्‍शन, स्‍वच्‍छ भारत मिशन में शौचालय निर्माण का लाभ भी दिया गया। साथ ही जनधन योजना में बैंक खाता एवं जनधन बीमा योजना का लाभ भी दिलाया गया है। इसके अलावा शुद्ध पेयजल और मूलभूत सुविधाएं भी मुहैया कराई गई है। कौशल उन्‍नयन और स्‍व-सहायता समूह की मदद से परिवार के सदस्‍यों को आत्‍मनिर्भर बनाया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना की ऑनलाइन एप से निरंतर मॉनिटरिंग भी की गई तथा टोल फ्री नम्‍बर 07423-227388 के माध्‍यम से योजना के क्रियान्‍वयन से संबंधित समस्‍याओं का समाधान भी किया जा रहा है। इस वित्‍तीय वर्ष में 3852 परिवारों को प्रधानमंत्री परिवार योजना से जोडा जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.