प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण बलकवती धुर्वे के लिये वरदान सिद्ध हुई

  छिन्दवाड़ा-- छिन्दवाड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत राजाखोह निवासी कल्याणी श्रीमती बलकवती पति कमसलाल धुर्वे के लिये प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण वरदान सिद्ध हुई है। अब वह अपने पक्के मकान में अपने दो बेटों के साथ प्रसन्नता से रहती है।   
   ग्राम राजाखोह की श्रीमती बलकवती धुर्वे के पति का लगभग 5 साल पूर्व निधन होने पर उसका जीवन असहाय हो गया था और वह अपनी बड़ी बहन के साथ रहने लगी थी। उसके दोनों बच्चे भी उसके साथ रहते थे। श्रीमती बलकवती धुर्वे की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी और वह अपने स्वयं के पक्के मकान का सपना देखते रहती थी। ग्राम पंचायत को उसकी दशा के संबंध में जानकारी थी और वह उसकी भलाई करना चाहती थी। ग्राम पंचायत ने उसे आवासीय पट्टा देने का निर्णय लिया और वर्ष 2017 में उसे आवासीय पट्टा स्वीकृत किया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत एक लाख 30 हजार रूपये की राशि स्वीकृत कराई जिससे वह अपना पक्का मकान बना सके। यह राशि मिलते ही श्रीमती बलकवती धुर्वे ने अपना स्वयं का पक्का मकान बनाने का संकल्प लिया और पक्का मकान बनाकर ही चैन की सांस ली। अब इस पक्के मकान में अपने दोनो बेटों के साथ रहकर वह अत्यंत प्रसन्न है तथा उसे शासन की अन्य योजनाओं का लाभ भी प्राप्त हो रहा है जिससे उसके जीवन में खुशियों की बहार आ गई है

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.