सड़क निर्माण से ग्राम वासियों में हर्ष की लहर


आगर मालवा -  प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनान्तर्गत आगर मालवा जिले के ग्राम इकलेरा में पक्की सड़क का निर्माण होने से ग्रामीणों के रहन-सहन स्तर में सुधार हुआ है। एक ओर जहां ग्रामीणों को आवागमन में आसानी हुई है, वही वे विकास की मुख्य धारा से भी जुड़ गए हैं। सड़क का निर्माण नहीं होने से पहले गांव में बीमार व्यक्ति को उपचार हेतु चिकित्सालय तक लाने ले जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, वही आज बिना तकलीफ के आसानी से मरीज को चिकित्सालय ले जा सकते है। गाँव में स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाओं के साथ ही कृषि उपज भी सहजता से बाजार तक पहुँच रही हैं। यह संभव हुआ है कानड़ दुपाड़ा रोड से इकलेरा मार्ग लम्बाई 3.20 किलोमीटर (खांकरी से इकलेरा) लागत 141.36 लाख रूपये की सड़क के निर्माण से। अब उक्त सड़क निर्माण से आवागमन सुलभ हो गया है, इकलेरा के रहवासियों को कच्ची सड़क के दौरान होने वाली सभी परेशानियों से निजात मिल गया है, जिससे ग्रामीणजन में हर्ष की लहर हैं। 
   गांव के रहवासी श्री ज्ञानसिंह सिंह का कहना है कि यहाँ सड़क निर्माण के पहले कच्चे रास्ते के माध्यम से लोग आना जाना करते थे। जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बारिश के दौरान रास्ते में कीचड़ एवं पानी भरने से पैदल चलना दूभर था। किन्तु अब प्रधानमंत्री सड़क निर्माण से ग्राम का कायाकल्प हो गया है।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.