मुर्गी पालन बना आय का जरिया

 छतरपुर -   तेजस्विनी ग्रामीण महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत ईशानगर लोकेशन क्षेत्र के ग्राम पहाड़गांव की रोशनी तेजस्विनी महिला स्वसहायता समूह की महिलाएं आज मुर्गी पालन का व्यवसाय कर प्रतिमाह 15 से 25 हजार रूपए की आय अर्जित कर रही हैं। इससे ग्राम की अतिगरीब महिलाएं मानसिक, सामाजिक, राजनैतिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। म.प्र. महिला वित्त एवं विकास निगम द्वारा छतरपुर जिले में तेजस्विनी ग्रामीण महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम शुरू किया गया है। कार्यक्रम के तहत ईशानगर में श्रीराम तेजस्विनी महिला संघ का गठन कर लोकेशन के 42 ग्रामों में 301 समूह बनाए गए हैं। पनौठा क्लस्टर के ग्राम पहाड़गांव में 6 समूहों की 72 महिलाओं द्वारा मुर्गी पालन का कार्य संचालित कर आजीविका गतिविधि को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा रहा है। 
   ईशानगर लोकेशन की समन्वयक वंदना तिवारी ने बताया कि समूह बैठक के दौरान रोशनी तेजस्विनी महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा आय में वृद्धि के उद्देश्य से आजीविका गतिविधि करने का प्रस्ताव रखा गया था। महिलाओं की इच्छा देखकर समन्वयक वंदना तिवारी द्वारा लोन दिलवाकर मुर्गी पालन का कार्य करने की सलाह दी गई। इसे महिलाओं ने एक मत से स्वीकार कर कार्य प्रारंभ किया। समूह की महिलाओं ने बताया कि इससे पर्याप्त आमदनी होने लगी है तथा घरेलू कार्य के साथ-साथ इस आजीविका गतिविधि से जुड़कर हमारा आत्मविश्वास भी बढ़ा है एवं अब घर खर्च भी आसानी से चलने लगा है।  

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.