कुपोषण के खिलाफ एकजुट हुई आजीविका मिशन की महिला समूह

 राजगढ़ -   दो लीटर प्रोटीन पाउडर मिला हुआ दूध हाथ में थर्माकोल के गिलास और आंगनवाड़ी की राधाबाई के लिए प्रतिदिन का सबक बनने जा रहा है। राधाबाई महिलाओं के उस महिला ग्राम संगठन की अध्यक्ष है जिसने गांव के 22 बच्चों को गोद लेकर, उनको कुपोषण के दायरे से बाहर निकालने की जिम्मेदारी उठाई है।
   मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत करेडी में गठित 30 समूह की 340 महिलाओं ने अब आगे आकर मिशन संजीवनी अभियान में भागीदारी करने की शुरुआत की है। जिले में कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा के आह्वान पर कुपोषित बच्चों को गोद लेने की प्रोजेक्ट संजीवनी अंतर्गत शुरू हुई परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इन समूह महिलाओं ने गांव के 26 बच्चों को गोद लिया है। समूह की महिलाएं प्रतिदिन इन बच्चों को पोषण आहार के रूप में दूध एवं प्रोटीन पाउडर उपलब्ध कराएंगी। समारोह पूर्वक शुरू की गई शुरुआत के तहत सभी महिलाओं ने उपस्थित होकर पांच आंगनवाड़ी केंद्रों के सामूहिक आयोजन में इसकी शुरुआत की। 
   खुजनेर की परियोजना अधिकारी श्रीमती पुष्पा गोयल ने बताया कि करेड़ी ग्राम में 5 आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हैं। जिसमें डेढ़ सौ बच्चों के पंजीयन दर्ज है। इन आंगनवाड़ी केंद्रों में 28 बच्चे कुपोषित है। जिसमें से 6 बच्चों को अन्य लोगों द्वारा गोद लिया जा चुका है। शेष बचे बच्चों की जवाबदारी अब इन महिलाओं ने उठाई है। महिलाओ द्वारा लिए गए निर्णय के तहत प्रतिदिन आंगनवाड़ी केंद्र पर दो- दो महिलाएं पहुंच कर बच्चों को प्रतिदिन प्रोटीन पाउडर युक्त दूध पिलाएगी। इस कार्य की जवाबदारी स्वयं महिलाओं ने उठाई है। इस पर होने वाले व्यय को समूह महिलाएं अपनी बचत से गठित आपदा कोष के माध्यम से खर्च करेंगी।
    ग्राम संगठन स्तर पर महिलाओं ने अपनी बचत के माध्यम से आकस्मिक जरूरतों के लिए आपदा कोष गठित किया है। इसी राशि से महिलाएं बच्चों को पोषक आहार उपलब्ध कराने जा रही है। संगठन के अध्यक्ष श्रीमती राधाबाई का कहना है कि जब गांव के बच्चे हमारे हैं। तो उनका दायित्व भी हमारा है। जिला परियोजना प्रबंधक श्री संजय सक्सेना का कहना है कि 5 मई को करेड़ी में आयोजित आजीविका दिवस कार्यक्रम में कलेक्टर श्री शर्मा द्वारा महिलाओं से इस हेतु आह्वान किया गया था। इसी के तहत यह  पहल की गई है। जल्द ही इसका विस्तार अन्य गांवों तक किया जाएगा। 

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.