शिद्दत से किए गए प्रयास को मिला प्रकृति का साथ , भीषण गर्मी में ग्रामीणो के प्रयास से निकला शीतल जल, पनपीहा तालाब मे जल की प्राप्ति

अनुपपुर-   बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय की सोच पर आधारित सच्चे मन से किए गए प्रयास को प्रकृति का साथ मिल ही जाता है। इस भीषण गर्मी मे जहां समस्त जल स्त्रोतों मे पानी की मात्रा निरंतर कम होती जा रही है एवं सूखे जैसे हालात उत्पन्न हो रहे हैं। रोजमर्रा की जल की आम जरूरतों को पूरा करना जहां एक चिंता का विषय रहता है। ऐसे मे जैतहरी जनपद के ग्राम पपरोडी के ग्रामीणो के सच्चे प्रयास को प्रकृति ने स्वीकारा एवं सूखे पड़े पनपीहा तालाब से शीतल जल की प्राप्ति हुई। 
   उल्लेखनीय है की गत माह आयुक्त शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव एवं कलेक्टर श्री अजय शर्मा द्वारा ग्राम पपरोड़ी मे आयोजित चौपाल मे ग्रामीणो से तालाबो के गहरीकरण हेतु आह्वान किया गया था। ग्रामीणो ने उक्त आह्वान एवं प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर डॉ. आर पी तिवारी के मार्गदर्शन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री एस के वाजपेयी के नेतृत्व मे पनपीहा तालाब के गहरीकरण का कार्य प्रारम्भ कर दिया। इस जनहित के कार्य मे मोजरवेयर कंपनी का भी सहयोग ग्रामीणो को प्राप्त हुआ।मोजरवेयर कंपनी के प्रतिनिधि श्री कृष्णा रेड्डी द्वारा सीएसआर फंड से मशीनरी का सहयोग प्रदान किया गया। तालाब के गहरीकरण का कार्य 4 दिनो तक चला। प्रत्येक दिन लगभग 40 से 50 ग्रामीणो ने श्रमदान किया। हर दिन सभी इसी आस मे रहते थे कि जल स्त्रोत की प्राप्ति हो जाए। 
   लगातार मेहनत कर रहे ग्रामीणो ने मायूसी को घर नहीं करने दिया एवं उसी उत्साह से दिन रात मेहनत करते रहे और अंततः धरती माँ ने ग्रामीणो के लिए जल स्त्रोत के द्वार खोल दिये और तालाब  की सूखी जमीन से शीतल जल की धारा का प्रवाह हो गया। इस कार्य को निष्पादित करने हेतु आवश्यक जन सहयोग प्राप्त करने मे सरपंच लक्ष्मी मार्को एवं सचिव रामलखन ने उत्कृष्ट भूमिका निभाई। 
   इतना ही नहीं तालाब की सफाई से निकली उपजाऊ गाद को भी ग्रामीणो के खेतो मे डाला गया ताकि भूमि की उत्पादक क्षमता मे वृद्धि हो। आयुक्त श्री श्रीवास्तव एवं कलेक्टर श्री शर्मा के सुझाव का यह उत्कृष्ट क्रियान्वयन समस्त क्षेत्र के लिए गर्मी मे पानी की समस्या से निपटने मे एवं कृषि उत्पादकता की वृद्धि करने मे सहयोगी सिद्ध हो रहा है।
    अन्य ग्राम पंचायतों मे भी इसी आधार पर किए जा रहे हैं तालाब गहरीकरण के कार्य
पनपीहा मे जल प्राप्ति से बढ़ा है उत्साह
   मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद जैतहरी श्री वाजपेयी ने बताया कि इसी आधार पर ग्राम पंचायत छातापटपर के जोगी टोला, ग्राम पंचायत चिल्हारी, ग्राम पंचायत लहरपुर के पोखी तालाब, ग्राम पंचायत चोलना, ग्राम पंचायत ओधेरा के कुधाराटोला तालाब का जनभागीदारी से गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इन पंचायतों मे भी ग्रामीणो का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है। पनपीहा मे पानी की प्राप्ति की खबर से ग्रामीणो का उत्साह दोगुना हो गया है।
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने पनपीहा मे जल प्राप्ति पर समस्त ग्रामवासियों एवं श्री वाजपेयी को बधाई दी है। आपके द्वारा मोजरवेयर कंपनी के सहयोग की सराहना भी की गयी है। आपने कहा सीएसआर के फंड का यह उचित उपयोग है। यही शासन द्वारा इस प्रावधान को लाने का लक्ष्य भी था कि उद्यम अपने स्वविवेक से जनहितकारी कार्य मे सहयोग प्रदान कर सामाजिक ऋण की अदायगी करें।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.