भविष्य की चिंता में जन समुदाय जुटा जल सहेजने में

 शहडोल  --  हम यदि प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करते है तो हमारी नैतिक जवाबदारी है कि हम उन प्राकृतिक स्त्रोतो एवं संसाधनो का संरक्षण करें तथा आने वाली पीढ़ी के लिए भी बचाकर रखें। जल के बिना जीवन असंभव है, जल का न तो निर्माण किया जा सकता है और न ही ज्यादा दिनो तक बचाकर रखा जा सकता है। जल का संरक्षण तो मात्र जल स्त्रोतों तथा जल संरचनाओं के माध्यम से ही किया जा सकता है। इस कार्य को अभियान का स्वरूप देने हेतु प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जन समुदाय एवं सरकारी प्रयासों से जल स्त्रोतो के संरक्षण का कार्य शहडोल जिले में किया जा रहा है। जिसमें जिला प्रशासन, जन अभियान परिषद तथा जन समुदाय की सहभागिता प्रशंसनीय है।
   जिले में ब्यौहारी जनपद पंचायत में बहने वाली सोन नदी की सहायक नदी समधिन नदी में तीन दिन पूर्व से सफाई एवं घाट सफाई तथा नदी के अवरोधो को दूर करने का अभियान ग्राम पंचायत नौढ़िया से शुरू किया गया था। जिसे आगामी 15 दिनो तक संचालित कर ग्रामों में भी संचालित किया जायेगा। इस कार्य को अमली जामा पहनाने हेतु बीएसडब्ल्यू के छात्र, नवांकुर एवं प्रस्फुटन समितियो के सदस्य, ग्रामीण जन, जन प्रतिनिधि, युवा एवं समाज सेवी लोग अपनी अहम भूमिका का निर्वहन कर रहे है। जन जागरूकता लाने तथा अभियान से जनता को जोड़ने का कार्य मेंटर तथा जगदम्बा विकास समिति के संचालक श्री यमुना प्रसाद नापित निभा रहे है। 
   ब्यौहारी जनपद में ग्राम मउ में गधर्रा नाले में जन सहयोग से बोरी बंधान का कार्य किया गया है। इस कार्य में सामाजिक कार्यकर्ता श्री द्वारिका प्रसाद राठौर तथा मेंटर श्री यमुना नापित की मुख्य भूमिका रही। बोरी बंधान से टिटंगी नाला पुर्नजीवित हो उठा है।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.