सौर ऊर्जा से किसान मूंग की फसल में दे रहे पानी
हरदा -- गर्मी की मूंग में पानी ज्यादा लगता है। इस पर भी यदि बिजली चली जाए तो पानी देने में परेशानी आ जाती है। टिमरनी क्षेत्र के 4 किसान सौर ऊर्जा से खेतों में 12 घंटे तक पानी दे रहे हैं। इतना ही नहीं किसान सौर ऊर्जा प्लेटों को एंड्राइड मोबाइल से घर से ऑपरेट कर पम्प को बंद चालू भी कर रहे हैं। सरकार ने किसानों के लिए सौर ऊर्जा पम्प योजना शुरू की है। इसी का फायदा क्षेत्र के चार किसान उठा रहे हैं। सोडलपुर के रामचंद्र गहलोत, नारायण सांखला, रामकृष्ण भाटी और सोहागपुर के हरिओम सोलंकी ने खेतों में सोलर पम्प योजना के तहत सोलर प्लेट लगाई है। इसकी मदद से किसान गर्मी में मूंग की फसल में पानी देकर अच्छा उत्पादन लेने में लगे हुए है। किसान गहलोत ने बताया पहले गर्मी के दिनों फसल में पानी देने घंटों इंतजार करना पड़ रहा था, लेकिन अब हम अपनी मनमर्जी से खेतों में पानी दे रहे हैं। मोटर से 12 घंटे तक भी पानी दे रहे हैं। किसानों ने बताया समय पर जरूरत के अनुसार पानी देने से फसल की उत्पादकता में बढ़ोत्तरी होगी। 5 एकड़ खेत में गर्मी में मूंग के साथ ही सब्जी भी लगाई है।एक सोलर प्लेट 300 वॉट बिजली पैदा कर रही है। इस हिसाब से 16 प्लेटों से 4800 वॉट करंट मिल रहा है। इससे 5 हार्स पॉवर की मोटर 12 घंटे आसानी से पानी दे रही है। कम्पनी ने 5 वर्ष की वारंटी दी है, इसके साथ यह सैटअप 25 वर्षो की सर्विस देगा।
कोई टिप्पणी नहीं