उद्यान विभाग की फल क्षेत्र विस्तार योजना से लाभ कमा रहे श्री खरे "सफलता की कहानी-कृषक की जुबानी"

   पन्ना जिले के गुनौर विकासखण्ड के ग्राम ककरहटा निवासी कृषक श्री अरविन्द खरे उद्यान विभाग की फल क्षेत्र विस्तार योजना से अच्छा लाभ कमा रहे हैं। वे बताते हैं कि पूर्व वर्ष में उद्यान विभाग की फल क्षेत्र विस्तार योजनांतर्गत के तहत आम का बगीचा लगाया था, जिसमें लगड़ा, आम्रपाली, दशहरी, सुंदरजा, बाम्बेग्रीन किस्म के लगभग 65 पौधे लगाये थे। लगाये गये सभी पौधे जीवित है एवं अच्छे फल दे रहे है, जिसमें 30 से 40 क्विंटल के लगभग फल प्राप्त होते है। इसके अलावा उद्यान विभाग के अधिकारियों की सलाह से मेरे द्वारा अमरूद के 30-35 पौधे, करौंदे के 125-150 पौधे, आंवला के 50-60 पौधे, कटहल के 03 पौधे एवं बनारसी बेर के 25-30 पौधों का रोपण किया गया था। सभी पौधे फल रहे है, जिसमें मुझे वर्ष भर में कृषि के अतिरिक्त 1.00 लाख की अतिरिक्त आमदनी प्राप्त होती है। साथ ही मेरे बगीचे में लगभग नीबू के 15-20 पौधे जनकपुर रोपणी से खरीद कर लगाये गये थे, जिसमें मुझे 12 से 15 हजार फल प्रति वर्ष प्राप्त हो रहे है एवं बनारसी बेर के पौधे से भी 10 क्विंटल फल प्रति वर्ष प्राप्त हो रहे है, जो मेरी आमदनी का अच्छा स्त्रोत है। 
   श्री खरे बताते हैं कि उद्यान विभाग के सहयोग से ट्रेक्टर विथ रोटावेटर क्रय किया जिससे मैने उद्यानिकी की खेती कर अधिक मुनाफा प्राप्त किया। उद्यानिकी अधिकारियों द्वारा मुझे समय-समय पर पौधों की कटाई-छटाई के साथ साथ रखरखाव की जानकारी भी प्रदाय की जाती है। वर्तमान मैं बगीचे से हो रही आमदनी से पूर्णतः संतुष्ट हूं। मैने उद्यान विभाग द्वारा वर्ष 2017-18 में आयोजित मधुमक्खी कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिससे मधुमक्खी पालन कर मैं और भी अधिक आमदनी प्राप्त कर सकता हूं। उद्यान में पलाश के बहुतायत मात्रा में पौधे लगे है, जिससे पर्यावरण का संतुलन बना रहता है, विभिन्न प्रवासों से पक्षी आकर अपने कलरव से क्रीड़ा कर उद्यान की शोभा बढा रहे है, जिससे मुझे आत्मीय आनंद की प्राप्ति होती है। कृषक अरविन्द खरे सभी किसान भाईयो से कहते हैं कि उद्यान विभाग से जुड़कर योजनाओं का लाभ लें एवं अत्याधिक उद्यानिकी फसलों की खेती कर अपनी आय बढाये।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.